विषधर सर्प के काटने से अधेड़ की मौत.........

   







गाजीपुर। सैदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बासीपुर पियरी गांव निवासी एक अधेड़ बीते शनिवार की रात उस वक्त सर्पदंश का शिकार हो गया, जब वह घर से बाहर शौच के लिए जा रहा था। जिसके 2 घंटे के अंदर ही झाड़-फूंक कराते अधेड़ की मौत हो गई। रविवार की सुबह थाने पहुंचे शोकाकुल परिजनों ने इस घटना की लिखित जानकारी पुलिस को दिया। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शव का पंचनामा कर, पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। थाना क्षेत्र के बासीपुर पियरी गांव निवासी बिहारी सोनकर उम्र 49 वर्ष पुत्र स्वर्गीय महंगी सोनकर बीते शनिवार की रात लगभग 10 बजे घर से बाहर शौच के लिए जा रहे थे। तभी उनका पैर रास्ते से गुजर रहे एक विषैले सर्प के ऊपर पड़ गया। जिससे गुस्साए सर्प ने बिहारी के उंगली में जबरस्त प्रहार करते हुए, बड़ी मात्रा में जहर उगल दिया। इसके बाद दौड़ते हुए बिहारी घर पहुंचे। जहां उन्होंने परिजनों को पैर में सर्प काटने की बात बताई। सर्प के काटे जाने की बात सुनते ही परिजन सन्न रह गए। इसके बाद परिजन बिहारी को लेकर, आसपास के कई झाड़-फूंक करने वालों से मिलकर, झाड़-फूंक कराने लगे। लेकिन बिहारी की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जिसके बाद परिजन बिहारी को लेकर जनपद के अंधविश्वासियों में सर्पदंश झाड़-फूंक के लिए मशहूर, अमवा की सती माई रवाना हो गए। जहां जाते समय रास्ते में ही बिहारी ने दम तोड़ दिया। बिहारी की कोई औलाद नहीं थी। वह मजदूरी का काम करता था। मौत की खबर सुनने के बाद से ही उसकी पत्नी कौशल्या का रो-रोकर बुरा हाल है। बिहारी सोनकर को जैसे ही सर्प ने काटा, उसके 10 मिनट बाद ही उसे तेज पसीना आने लगा। आधे घंटे बाद बिहारी की आवाज लड़खड़ा ने लगी। 1 घंटे बाद उसे सांस लेने में दिक्कत शुरू हो गई। डेढ़ घंटे बाद बिहारी अचेत हो गया। अंततः 2 घंटे बाद बिहारी की मौत हो गई। सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम रखा हुआ है। अगर बिहारी सोनकर के परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में ना पड़कर, उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए होते, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। लेकिन समाज में फैले अंधविश्वास में पड़कर परिजन सर्पदंश के शिकार बिहारी का झाड़-फूंक कराने के चक्कर में रह गए।

Previous Post Next Post

फास्टर अप्डेट्स के लिए जुड़िये हमारे टेलीग्राम चैनल से - यहाँ क्लिक करिये
SKIP AD