गाजीपुर:बारात में हर्ष फायरिंग से मौत

 




(सुहवल)गाजीपुर। सोमवार की देर रात स्थानीय  थाना क्षेत्रांतर्गत मुरतपुरवां ग्राम सभा में बरात में हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से घायल मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के चकशाह मोहम्मद उर्फ मलिकपुरा निवासी लक्ष्मण कुशवाहा (60) की मौत हो गई। इससे पूरे बारात में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हर्ष फायरिंग करने वाला युवक फरार हो गया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक चकशाह मोहम्मद उर्फ मलिकपुरा निवासी रामसूरत सिंह के पुत्र धन्नजय की शादी सुहवल थाना क्षेत्र के मुरतपुरवा निवासी सियाराम सिंह की पुत्री सोनी से तय थी। बरात में शामिल एक युवक के द्वारा तमंचे से कई बार हवाई फायर किया गया। लोगों ने उसे ऐसा करने से मना भी किया, मगर वह नहीं माना। इसी दौरान युवक ने दोबारा फायर किया, मगर गोली फंस गई। जिसे निकालते समय गोली बगल में खड़े लक्ष्मण के पेट में जाकर सीधे लग गई। गोली लगने की वजह से मौके पर अफरा- तफरी का माहौल हो गया। घटना की जानकारी होते ही स्वजन में कोहराम मच गया। सभी रोने-बिलखने लगे। उधर इस गोलीकांड के बाद हर्ष फायरिंग करने वाला बरात में शामिल युवक मौके से फरार हो गया। बरात में गोली चलने की सूचना पर एएसपी ग्रामीण आरडी चौरसिया भारी पुलिस बल के साथ रात में ही मौके पर पहुंच गए। पूरी जानकारी लेने के साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी के लिए सुहवल पुलिस को निर्देशित किया। घायल को इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय मृत्यु हो गई। 

दूल्हे के भाई के द्वारा अज्ञात के खिलाफ दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। 

पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

Previous Post Next Post

फास्टर अप्डेट्स के लिए जुड़िये हमारे टेलीग्राम चैनल से - यहाँ क्लिक करिये
CLOSE ADVERTISEMENT