गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धर्मागतपुर गांव के पास स्थित श्मशान घाट के पास भूसा रखने के टीन शेड में सड़ा हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि गांव के कुछ लड़के जामुन तोड़ रहे थे तभी एक जामुन भूसे वाले घर में जा गिरा। जब लड़के जामुन निकालने गए तो उसमें एक हाथ दिखाई दिया। बच्चे शोर मचाते हुये ग्रामीणों को इस घटना की सूचना दिए। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई और भूसा हटाया तो उसमें सड़ा हुआ शव मिला। जिसकी जानकारी ग्रामीणों ने तत्काल दुल्लहपुर थाने को दिया। इस घटना जानकारी मिलते ही मौके पर तत्काल पुलिस पहुंच गई। सीमा की विवाद के चलते आधे घंटे तक बिरनो थाना और दुल्लहपुर पुलिस उलझी रही। आधे घंटे बाद पता चला कि घटनास्थल दुल्लहपुर थाने के धर्मागतपुर गांव क्षेत्र में पड़ता है। तत्काल दुल्लहपुर थाना अध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने शव को कब्जे में ले लिया और थाने लेकर पहुंचे। शव की शिनाख्त खुद मृतक के पिता बासुदेव राजभर नें अपने पुत्र नन्द किशोर राजभर उम्र 28 वर्ष निवासी धर्मागतपुर के रूप में की। उन्होंने बताया कि मृतक नंद किशोर काफी दिनों से विक्षिप्त था और 3 जून से लापता था। जिसकी काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला। दुल्लहपुर थानाध्यक्ष शैलेश मिश्रा ने कहा कि परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।